आज़ाद दर्पण डेस्क : देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र में एक साथ पांच चिताएं जली। एक साथ पांच चिताओं को जलते देख हर कोई सहम गया। बताते चलें कि देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र में सोमवार को भूमि विवाद में खूनी संघर्ष हुआ था। इस संघर्ष में पूर्व जिला पंचायत सदस्य तथा एक ही परिवार के पांच अन्य लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के दौरान दोनों पक्षों के टकराव की संभावना के मद्देनजर पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी।
दोनों पक्षों के शवों का अलग-अलग घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
जिला व पुलिस प्रशासन की देख-रेख व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों पक्षों के शवों का अलग-अलग घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रामपुर कारखाना क्षेत्र के पटनवा घाट पर मृतक सत्यप्रकाश दुबे समेत उसके परिवार के चार अन्य लोगों का अंतिम संस्कार किया गया। सत्यप्रकाश दुबे के बड़े बेटे देवेश दुबे ने अपने पिता, मां, भाई व बहन को मुखाग्नि दिया। इस दौरान वह बिलख कर रोता रहा। वहीं प्रशासन के लोग उसे संतावना देते रहे। वहीं दूसरे पक्ष से मृतक पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव का दाह संस्कार पुरना नाला स्थित अन्त्येष्टि स्थल पर कड़ी सुरक्षा के बीच किया गया। प्रेमचंद यादव को उसके 13 वर्षीय नाबालिग पुत्र तेजप्रताप ने मुखाग्नि दी।
क्या है पूरा मामला
देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र फतेहपुर गांव में यादव व ब्राह्मण परिवार के बीच भूमि विवाद था। सोमवार की सुबह में किसी बात पर विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव की पीट-पीट कर हत्या कर दी। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी पक्ष के सत्यप्रकाश दुबे के घर पहुंच कर सत्यप्रकाश दुबे, उसकी पत्नी, बेटे, बेटी व एक अन्य की हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी व दहशत का माहौल है। गांव का माहौल तनावपूर्ण है। पुलिस किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
