भोजपुर डेस्क : बिहार के भोजपुर जिले से पत्नी द्वारा प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि दोनों पति-पत्नी ने लव मैरिज किया था। लव मैरिज के बाद भी पत्नी ने दूसरे व्यक्ति से अफेयर होने के बाद पति की हत्या कर दी और शव को दफना दिया। दफनाने के पहले शव में नमक डाल दिया और दफनाने के बाद उसपर एक पौधा लगा दिया। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने शव को निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया है। फिलहाल पुलिस पत्नी को हिरासत में लेकर पूछ्ताछ कर रही है। ये पूरा मामला भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के इटमाहा गांव की है।
हिमाचल में हुई मुलाक़ात के बाद हुआ था प्रेम विवाह
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जिले के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के तार गांव निवासी मिथुन गिरी अपनी पत्नी से मिलने अपने ससुराल तरारी थाना क्षेत्र के इटमाह गांव गया था, जहां उसकी हत्या कर शव को दफना दिया गया। इस संबंध में मृतक के पिता कमलेश गिरी ने बताया कि मिथुन गिरी हरियाणा में ट्रक चलाता था। ट्रक लेकर वह किसी काम से हिमाचल गया था, जहां नेहा नाम की लड़की से उसकी मुलाक़ात हुई थी। नेहा मूल रूप से बिहार के तरारी थाना क्षेत्र के इटमाहा गांव की रहने वाली थी। दोनों में बातचीत हुई और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। बाद में दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से प्रेम विवाह कर लिया था। कुछ दिन पहले पत्नी नेहा मायके गई थी। जिसके बाद 14 अक्टूबर को मिथुन अपनी पत्नी से मिलने अपने ससुराल गया था। पिता ने बताया कि 16 अक्तूबर से बेटे से फ़ोन पर बात नहीं हो पा रही थी। जब भी फ़ोन करता था तो बेटे का साला फ़ोन उठाता था और बाहर होने की बात कहकर फ़ोन काट देता था। 16 अक्तूबर के बाद सभी का फ़ोन बंद आ रहा था। हम परेशान थे और पुलिस को सूचना देने की सोच ही रहे थे। तभी अचानक पुलिस ने ही बेटे की मौत की सूचना देकर हमें बुलाया। जब हम बेटे की ससुराल पहुंचे तो देखा कि पुलिस बेटे के शव को कब्र से निकाल रही है।
अवैध संबंध में दिया घटना को अंजाम
मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि बहू नेहा का अवैध संबंध उसके गांव के ही एक स्थानीय झोला छाप डॉक्टर बबलू पासवान से था। अवैध संबंध में बाधा बनने के कारण बहू व उसके प्रेमी ने मिलकर बेटे के गले में फांसी लगाकर हत्या कर दिया है। हत्या के बाद शव को आंगन में ही दफना दिया है।
क्या कहना है पुलिस का
इस संबंध में पिरो डीएसपी राहुल सिंह ने बताया कि महिला और उसके प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्र से निकलवा कर पोस्टमार्टम करवाया है। पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि पत्नी द्वारा कहा जा रहा है कि पति ने खुद ही फांसी लगा लिया था। हमने सिर्फ शव को गाड़ा था। पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विशेष कहा जा सकेगा।

Author: Shahid Alam
Editor