गौरी शंकर सिंह, छत्तरपुर : प्रखण्ड क्षेत्र के लगभग दो दर्जन पूजा पंडालों में माता रानी की पूजा अर्चना की गई। महासप्तमी के दिन शनिवार को पावन मुहूर्त में कलश स्थापना के साथ श्रद्धालुओं के लिए सभी पूजा पंडालों के पट खोल दिये गए। महाअष्टमी रविवार को महिलाएं उपवास रख कर अपनी सुहाग व समृद्धि के लिए महागौरी की पूजा व साधना कर आशीष मांगी। महानवमी सोमवार को माँ सिद्धिदात्री की पूजा के बाद कन्या पूजन-हवन के साथ नवरात्र का समापन हुआ। सभी पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। रात्रि में रामलीला, भक्ति जागरण, रामायण व श्रीरामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया था।
नगर के मसिहानी में युवा विकास मंडल द्वारा स्थापित स्वचालित मां दुर्गा की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र था। बाजार परिसर में मां शक्ति संघ द्वारा अयोध्या राम मंदिर की थीम पर निर्मित 70 फीट ऊंचे पंडाल में भव्य व आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई थी। ठाकुरबाड़ी में युवा जनजागृति मंडल द्वारा केदारनाथ मंदिर के थीम पर बने पूजा पंडाल में और रामगढ़ में नवयुवक संघ के द्वारा चंद्रयान की थीम पर बने पूजा पंडाल में आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसके अलावे बारा फुलवारी में ओम शक्ति संघ, मसिहानी में बिरसा मुंडा समिति, खाटीन में नवयुवक संघ व शिवशक्ति संघ, कऊअल में जनजागृति संघ और लठेया में दुर्गापूजा समिति द्वारा भी भव्य व आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई थी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी मां दुर्गे की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की गई। एहतियात के तौर पर सभी पूजा पंडालों में पुलिस बल तैनात किए गए थे। रास्तों पर पुलिस गश्त की जा रही थी। थाना प्रभारी शेखर कुमार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रिय दिखे।

Author: Shahid Alam
Editor