पलामू डेस्क : आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी ग्रामीण इलाकों में भी महापर्व को लेकर सारी तैयारी पुख्ता कर लि गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने घाटों पर घूम-घूम कर तैयारियों का जायजा लिया है। छठ महापर्व को लेकर जिले के पांकी प्रखण्ड में भी विशेष तैयारी की गई है। प्रखण्ड के सोनरे, अमानत, अम्बा नदी सहित सभी छठ घाटों व तालाबों में पुख्ता तैयारी की जा चुकी है। सोनरे व अम्बा नदी घाट पर स्थानीय पूजा समितियों ने सफाई अभियान चलाकर घाट को सुंदर व व्रतियों के लिए सुगम बनाया है। इधर पगारखुर्द पंचायत में भी छठ घाटों की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया।
सोनरे नदी तट पर स्थित सूर्य मंदिर में है विशेष आयोजन
छठ महापर्व को लेकर सोनरे नदी घाट सह क्षेत्र के एकमात्र सूर्य मंदिर पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी विशेष आयोजन किया गया है। यहां के सभी आयोजन नवयुवक संघ, बसडीहा के देख-रेख में होता है। इस संबंध में आयोजन के मुख्य यजमान विद्यासागर पाण्डेय व पूजा पाण्डेय ने बताया कि सोनरे नदी के तट पर स्थित सूर्य मंदिर के प्रांगण में दशकों से छठ पूजा का आयोजन होता रहा है। इस वर्ष 49वां साल छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। चार दिवसीय छठ महापर्व के दौरान विभिन्न आध्यात्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महापर्व के दौरान अखंड रामचरित मानस का पाठ व रात्रि में संगीतमय प्रवचन का आयोजन किया गया है। इधर आयोजन समिति के अध्यक्ष श्यामनन्दन ओझा ने बताया कि महापर्व को लेकर सूर्य मंदिर व छठ घाट को बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाया गया है। यहां आनेवाले सभी छठव्रतियों को हरसंभव सुविधा देने के लिए आयोजन समिति कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में दर्जनों युवा दिन-रात जुटे हुए हैं।

Author: Shahid Alam
Editor