Home » झारखंड » पश्चिमी सिंहभूम » रफ्तार का कहर : घर में घुसा तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा, एक की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल

रफ्तार का कहर : घर में घुसा तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा, एक की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल

पश्चिमी सिंहभूम डेस्क : पश्चिम सिंहभूम जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा का कहर देखने को मिला है। पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा-टाटा मुख्य मार्ग पर बादुड़ी गांव के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा घर में घुस गया। हादसे में घर में सो रहे आर्मी से रिटायर 76 वर्षीय मनमोहन कुदादा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी बहू चांदू कुदादा गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना बुधवार देर शाम 7:30 बजे की है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 

कैसे हुआ हादसा

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार हाइवा तेज रफ्तार में टाटा की ओर से चाईबासा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने हाइवा पर से अपना नियंत्रण खो दिया और हाइवा अनियंत्रित होकर एक घर को तोड़ते हुए दूसरे घर में जा घुसा। हादसे में घर में सो रहे पूर्व सैनिक मनमोहन कुदादा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घर के अंदर मौजूद उनकी बहू चांदू कुदादा गंभीर रूप से घायल हो गई।

शराब के नशे में था चालक

हादसे के संबंध में स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद भीषण आवाज से लोग सहम गए और वहां अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। जब लोगों ने घर से बाहर निकाल कर मामला जानना चाहा तो पाया कि एक हाइवा घर में घुस गया है। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंच कर हाइवा के चालक को पकड़ लिया। ग्रामीणों की माने तो चालक पूरी तरह शराब के नशे में धुत्त था। वहीं हादसे की खबर सुनकर मौके पर पहुंचे हाइवा के मालिक को भी ग्रामीणों ने पकड़ लिया तथा उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हादसे में घर में रखे बाइक, साइकिल सहित अन्य सामान नष्ट हो गए हैं। घायल महिला को चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे की खबर सुनकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 

Shahid Alam
Author: Shahid Alam

Editor

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines

error: Content is protected !!