पलामू डेस्क : महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन जिले भर में पूरी चौकसी बरत रहा है। प्रशासन द्वारा पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिये विशेष तैयारियां की गई है। जिले के पांकी प्रखंड में भी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से चौकस है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष शिवरात्रि के मौके पर ही तोरण द्वार लगाने को लेकर पांकी में दो समुदायों के बीच झड़प हुआ था। ऐसे में प्रशासन यहां विशेष रूप से पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए लगी हुई है।
ड्रोन कैमरे की निगरानी में हैं पांकी प्रखंड मुख्यालय
प्रखण्ड मुख्यालय स्थित राहेवीर पहाड़ी शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। ऐसे में महाशिवरात्रि को लेकर पांकी प्रखंड मुख्यालय को ड्रोन कैमरे की निगरानी में रखा गया है। प्रशासन कैमरे की नज़र से मुख्यालय से विभिन्न चौक-चौराहों पर नजर रख रही है। वही महाशिवरात्रि के दिन तमाम कार्यक्रमों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। पर्व को शांति और सद्भावपूर्ण हाल में संपन्न कराने के लिए मुख्यालय के विभिन्न चौक-चौराहों पर पर्याप्त मात्रा में सुरक्षाबलों की तैनाती की गयी है। वहीं पुलिस द्वारा सोशल मीडिया सर्कुलेट होने वाले मैसेज पर भी नजर रखी जा रही है।
महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर प्रशासन व सद्भावना विकास मंच ने किया फ्लैग मार्च
इधर प्रशासन की तमाम तैयारियों के बीच महाशिवरात्रि को अमन व सद्भावपूर्ण माहौल में मनाने के लिए प्रशासन तथा संभावना विकास मंच के सदस्यों ने पांकी प्रखंड मुख्यालय में फ्लैग मार्च किया। इस फ्लैग मार्च में सीआरपीएफ के जवान भी शामिल हुए। फ्लैग मार्च पांकी थाना से शुरू होकर कर्पूरी चौक, मस्जिद चौक, श्रीराम जानकी मंदिर होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा। अंबेडकर चौक से फ्लैग मार्च पुनः मस्जिद चौक, राहेवीर पहाड़ी शिव मंदिर, कादरी मोहल्ला, सत्याड़ी चौक, मस्जिद चौक, कर्पूरी चौक होते हुए वापस थाना परिसर में जाकर समाप्त हुआ। इस दौरान फ्लैग मार्च में शामिल पदाधिकारियों तथा सद्भावना विकास मंच के सदस्यों ने लोगों से पूरे उल्लास के साथ सद्भावनापूर्ण माहौल में महाशिवरात्रि के पर्व को मनाने को का संदेश दिया। फ्लैग मार्च में प्रोबेशनर एसपी सह थाना प्रभारी गौरव गोस्वामी, अंचलाधिकारी राज कुंवर सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा, पुलिस निरीक्षक पूनम टोप्पो, पुलिस अवर निरीक्षक उत्तम तिवारी, श्रीराम जानकी मंदिर समिति के सचिव उपेंद्र गुप्ता, राहेवीर पहाड़ी शिव मंदिर के अध्यक्ष पारसनाथ सिंह, अंजुमन इस्लाहुल मुसलेमिन के सदर अबुल हसन, अजीत कुमार, गोल्डन, सत्येन्द्र सिंह सहित सद्भावना विकास मंच के अन्य सदस्य शामिल हुए।

Author: Shahid Alam
Editor