आज़ाद दर्पण डेस्क : बिहार से लगातार अपराधिक घटनाओं की खबरें सामने आ रही है। आये दिन हत्या, लूट, राहजनी जैसी आपराधिक घटनाओं की खबरें निकलकर आ रही है। इसी कड़ी में सोमवार को बिहार के नालंदा जिले से एक बड़ी घटना की खबर सामने आई है। बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने नालंदा जिले में भाजपा नेता को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना सोमवार की सुबह की है।
पत्नी के साथ गंगा स्नान करने जा रहे थे भाजपा नेता
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के हवनपुरा गांव निवासी सोनल सिंह (35 वर्ष) अपनी पत्नी के साथ गंगा स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात बाइक सवारों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गए। गोली उनके पेट में लगी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, बिहार शरीफ में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्त्ताओं में रोष
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। वे जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इधर भाजपा के नालंदा जिला के महामंत्री अविनाश प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वे सदर अस्पताल पहुंचे। क्षेत्र में लगातार अपराधिक घटनाएं हो रही है। फिर भी पुलिस ने कुछ नहीं कर रही है। हम पुलिस से यथाशीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करते हैं।
क्या कहना है थाना प्रभारी का
रहुई थाना प्रभारी नंदन कुमार ने बताया की अपराधियों की गोली से घायल सोनल सिंह ने खुद ही फ़ोन करके बताया कि उसे गोली मार दी गई है। सूचना के तत्काल बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेजा। गोली क्यों और किसने मारी है, अब तक इसका पता नहीं चला है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। शीघ्र ही घटना में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
