आजाद दर्पण डेस्क : झारखंड में विधानसभा चुनाव के बाद बहुमत प्राप्त करने वाली इंडिया गठबंधन की ओर से झामुमो के हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले लिया है। राज्य के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने हेमंत सोरेन एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। हेमन्त सोरेन ने प्रदेश के 14वें मुख्यमंत्री रूप में शपथ ग्रहण किया। जबकि उन्होंने चौथी बार झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया है। उल्लेखनीय है कि झारखंड के इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी किया है।
ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में हुआ शपथ ग्रहण समारोह
गुरुवार को राजधानी रांची के के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था गई थी। हजारों की संख्या में सुरक्षाकर्मियों द्वारा पूरे इलाके को किले में तब्दील कर दिया गया था। ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में राज्य भर के सैंकड़ों लोगों ने भाग लिया। लगातार दूसरी बार हेमन्त सरकार बनने के बाद इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए।
कई वीवीआइपी हुए शपथ ग्रहण समारोह में शामिल
हेमन्त सोरेन सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में देश के कई वीवीआईपी शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह में हेमन्त सोरेन के पिता झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन, मां रूपी सोरेन तथा विधायक पत्नी कल्पना सोरेन भी मंच पर मौजूद रहे। वहीं समारोह में कांग्रेस के केंद्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविन्द केजरीवाल व उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, राजद से बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, सांसद पप्पू यादव, आप सांसद संजय सिंह, राघव चड्ढा, भाकपा माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य सहित कई वीवीआईपी शामिल हुए।

Author: Shahid Alam
Editor