नरेंद्र सिंह, विश्रामपुर : पलामू जिले में तेज रफ्तार ने एक बार फिर कहर बरपाया है। जिले के मेदिनीनगर-औरगांबाद मुख्य मार्ग के कजरी स्टेशन की समीप एनएच-75 पर कार चालक ने पेड़ में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी तथा दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के पगार गांव निवासी विश्वजीत सिंह उर्फ बीनू सिंह के रूप में हुई है। जबकि घायलों में कार चालक रंजीत शुक्ला व अजय कुमार शामिल हैं। मृतक बीनू सिंह वर्तमान में मेदिनीनगर के हमीदगंज में रहता था।
कैसे घटी घटना
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सिंगराखुर्द निवासी रंजीत शुक्ला, मेदिनीनगर शहर के हमीदगंज निवासी अजय कुमार तथा बिनू सिंह जपला में आयोजित अनुपमा यादव का प्रोग्राम देखने रंजीत शुक्ल की कार से गये थे। देर रात करीब 2:00 बजे प्रोग्राम देखकर लौटने के क्रम में कजरी रेलवे स्टेशन एनएच 75 पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा नेक्सन कार (जेएच 03 एबी-1017) के परखच्चे उड़ गए। कार के टक्कर का आवाज सुनकर आस-पास के लोग जाग गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

Author: Shahid Alam
Editor