दीपक कुमार, हुसैनाबाद : प्रखण्ड के गांधी चौक पर स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक महात्मा गांधी की प्रतिमा पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हुसैनाबाद हरिहरगंज के पूर्व विधायक सह राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी, नगर पंचायत के निवर्तमान अध्यक्ष शशि कुमार, राजद प्रवक्ता राज अली सहित राजद के कई नेताओं ने माल्यार्पण कर गांधीजी को श्रद्धासुमन अर्पित किया। मौके पर पूर्व विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम गांधीजी के संघर्ष और त्याग का संदेश की याद दिलाता है और महात्मा गांधी जी के आदर्शों के प्रति पुनः समर्पित होने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के समय में हमें गांधीजी के आदर्शों को आत्मसात करने की जरूरत है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शशी कुमार ने कहा कि हमसब महात्मा गांधी जी के आदर्शों के प्रति समर्पित हैं। गांधी जी ने सभी समुदायों के सामाजिक समरसता के लिए जो प्रयास किए, वह अविस्मरणीय है। हमें उनके द्वारा बताए गए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर ही चलना चाहिए।
