लातेहार डेस्क : झारखंड प्रदेश में विगत कई वर्षो से नक्सलवाद की सफाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में कई बार पुलिसकर्मियों को मुठभेड़ व अन्य नक्सल घटनाओं का शिकार होना पड़ता है। इधर बीते दिनों प्रदेश की पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ़ बड़ी सफलताएं हाथ लगी है। लातेहार जिला पुलिस को भाकपा माओवादी नक्सलियों के विरुद्ध एक बड़ी सफलता मिली है, वो भी बिना किसी का खून बहाए। लातेहार में भाकपा माओवादी से जुड़ें एक नक्सली जितेन्द्र नगेशिया उर्फ जितेंद्र किसान ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। जितेन्द्र नगेशिया भाकपा माओवादी का सक्रिय सदस्य था। उसने शुक्रवार को लातेहार उपायुक्त हिमांशु मोहन व एसपी अंजनी अंजन के समक्ष सरेंडर किया।
2018 में भाकपा माओवादी से जुड़ा था जितेंद्र नगेशीया
इस संबंध में लातेहार एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि जितेन्द्र नगेशिया वर्ष 2018 के दिसंबर में भाकपा माओवादी संगठन से जुड़ा था। वह करीब पांच वर्षों तक संगठन में सक्रिय सदस्य के रूप में काम करता रहा। वह जिले के छिपादोहर, बारेसाढ़ व महुआडांड़ थाना क्षेत्र में विभिन्न नक्सली घटनाओं में अपने साथियों के साथ संलिप्त रहा था।
अधिकारियों ने शॉल ओढ़ाकर किया स्वागत
नक्सली जितेंद्र नगेशीया के सरेंडर करने के बाद लातेहार उपायुक्त हिमांशु मोहन व एसपी अंजनी अंजन ने उसका शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। मौके पर सरेंडर करने वाले नक्सली जितेन्द्र नगेशिया ने कहा कि उसनें सरकार की सरेंडर पॉलिसी से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है। वह भी अपने परिवार के साथ एक आम नागरिक की तरह जीवन जीना चाहता है। इसलिए उसने नक्सलवाद का रास्ता छोड़ने का निर्णय लिया है। उल्लेखनीय है कि जितेंद्र नगेशीया गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र का रहनेवाला है।

Author: Shahid Alam
Editor