रांची डेस्क : झारखण्ड में राहुल गांधी की “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” को लेकर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में न्याय यात्रा से जुड़ा स्टीकर लॉन्च किया गया। स्टीकर लॉन्च के बाद प्रदेश कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन कर कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से संवाद किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के उपरान्त कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पाल मुंजनी, प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा सहित कई नेताओं की गाड़ियों पर “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” से संबंधित स्टिकर को भी चिपकाया गया।
14 जनवरी से शुरू हो रही “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” फरवरी के पहले सप्ताह में पहुंचेगा झारखंड
कांग्रेस नेता राहुल गांधी “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” मणिपुर से शुरू होगी। 14 जनवरी को इस यात्रा के शुरू होने के दिन होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने के लिए झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम सहित कई बड़े नेता मणिपुर जाएंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि राहुल गांधी की “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” फरवरी के पहले सप्ताह में पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद जिले की ओर से झारखंड के पाकुड़ जिले में प्रवेश करेंगी।
झारखंड में दो चरणों में होगी “भारत जोड़ो न्याय यात्रा”, पलामू भी आएंगे राहुल गांधी : मंत्री आलमगीर आलम
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस विधायक दल के नेता सह मंत्री आलमगीर आलम ने बताया कि अभी राहुल गांधी की “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” का पूरा रूट चार्ट नहीं आया है। लेकिन यह तय है कि झारखंड में यात्रा दो चरणों में होगी। पहले चरण की शुरुआत संथाल इलाके से होगी। वहीं दूसरे चरण में राहुल गांधी पलामू के इलाके में जाएंगे। मौके पर आलमगीर आलम ने कहा की आज संविधान खतरे में है। पिछड़े, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों का हक मारा जा रहा है। यही कारण है कि हमारे नेता राहुल गांधी मणिपुर से मुंबई तक “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” करने जा रहे हैं। यह यात्रा पूर्व की “भारत जोड़ो यात्रा” की तरह ही समाज में एक सार्थक बदलाव लाने का काम करेगी।
केंद्र के गुलाम हो गयी है स्वतंत्र जांच एजेंसियां : राजेश ठाकुर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा है कि लोकतंत्र और संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। जिन राज्यों में भाजपा के विरोधी पार्टियों की सरकार है, वहां विकास को बाधित करने का प्रयास केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है। इसी कड़ी में झारखंड की जनता के वोट से जनहित के लिए बनी हेमंत सोरेन की सरकार जब-जब विकास के काम को लेकर जनता के बीच जाती है, तब-तब राज्य की सरकार को अस्थिर करने का प्रयास शुरू हो जाता है। राजेश ठाकुर ने सीधा-सीधा आरोप लगाया है कि स्वतंत्र जांच एजेंसियां केंद्र सरकार के गुलाम के रूप में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” में सिर्फ कांग्रेस की नेता और कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि विभिन्न विपक्षी पार्टियों के नेता, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आमजन भी भाग लेंगे।

Author: Shahid Alam
Editor