बिहार डेस्क : राजधानी पटना के सटे पालीगंज इलाके में भीषण सड़क हादसा हुआ है। ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित ट्रक ने पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में छ: लोगों को रौंद दिया, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना सोमवार दोपहर की है। घायलों को नजदीक के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार एक ट्रक पालीगंज से बिहटा की ओर जा रहा था। इसी बीच ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और अनियंत्रित ट्रक ने पालीगंज प्रखंड मुख्यालय और धरहरा मोड़ दो जगहों पर करीब छ: लोगों को रौंद दिया। हादसे में चार लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। लोग अनियंत्रित ट्रक से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सोचना मिलने पर पालीगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को नजदीक के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। वहीं आक्रोशित स्थानीय लोगों ने घटना के बाद मुआवजा की मांग को लेकर पटना-पालीगंज मुख्य पथ को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर डीएसपी प्रीतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों का समझा-बुझा कर किसी तरह जाम हटवाया। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया।
क्या कहा डीएसपी ने
घटना के संबंध में डीएसपी प्रीतम कुमार ने बताया कि पालीगंज प्रखंड मुख्यालय तथा धरहरा मोड़ पर ट्रक ने छ: लोगों को रौंद दिया था, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है। दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान नहीं हो पायी है। पुलिस उनके पहचान की कोशिश कर रही है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस इस मामले में अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है।

Author: Shahid Alam
Editor