बोकारो डेस्क : जिले के माराफारी थाना क्षेत्र के बांसगोड़ा में एक महिला को जिंदा जला दिया गया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के क्रम में मौत हो गयी है। घटना बुधवार दोपहर की है। जमीन विवाद के एक मामले में घटना को अंजाम दिया गया है। मृतक महिला का नाम अमीशा परवीन है। मृतका का बेटा मुजीब अली भी मां को बचाने में घायल हुआ है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दिया है।
क्या है पूरी घटना
घटना के संबंध में मृतक महिला अमीशा परवीन के पुत्र मुजीब अली ने बताया कि बुधवार को दोपहर में घर में सिर्फ हमलोग तीन लोग थे, मां घर में नहीं थी। तभी अचानक कर्मा मांझी, उसकी पत्नी और बेटी 10-15 महिला व पुरुष के साथ घर में घुस गए और जबरन घर खाली करने को बोलने लगे और तोड़-फोड़ करने लगे। इस स्थिति में हमने मां को फोन करके बुलाया। मां के आते ही उनलोगों ने मां के ऊपर केरोसिन छिड़क कर जिंदा जला दिया और भाग गए। तत्काल मां और बेटे को बोकारो सदर अस्पताल ले पहुंचाया गया। महिला 80-90 प्रतिशत जल चुकी थी। चूंकि सदर अस्पताल में बर्न यूनिट की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में महिला को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बोकारो जेनरल हॉस्पिटल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के क्रम में महिला की मौत हो गयी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Author: Shahid Alam
Editor